कलेक्टर की कुर्सी पर महिलाओं की मजबूत दावेदारी, जयश्री-तनुजा के नाम चर्चा में।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार और संभावित प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब नौकरशाही के गलियारों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राज्य प्रशासनिक सेवा से पदोन्नत होकर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में शामिल हुईं 2016 बैच की जयश्री जैन और 2019 बैच की तनुजा सलाम को कलेक्टर बनाए जाने की संभावनाओं पर प्रशासनिक हलकों में गंभीर चर्चा चल रही है।सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार आगामी दिनों में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से जिलों में नेतृत्व परिवर्तन पर विचार कर सकती है। ऐसे में अनुभवी और प्रशासनिक दृष्टि से सक्षम महिला अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। जयश्री जैन लंबे समय से विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण दायित्व निभाती रही हैं तथा निर्वाचन और प्रशासनिक कार्यों में उनकी कार्यशैली की सराहना होती रही है। जयश्री जैन मूलतः बिलासपुर संभाग के सक्ती जिले के निवासी हैं।वहीं तनुजा सलाम को भी तेज-तर्रार और जमीनी प्रशासन की समझ रखने वाली अधिकारी माना जाता है। जो कि कांकेर जिले की। मूल निवासी हैं। आदिवासी अंचलों और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें जिला प्रशासन की कमान सौंपे जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री सरकार यदि महिला नेतृत्व को और अधिक अवसर देने की दिशा में आगे बढ़ती है तो दोनों अधिकारियों के नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल हो सकते हैं। राज्य में महिला अधिकारियों की बढ़ती भागीदारी और उनकी प्रशासनिक दक्षता ने यह साबित किया है कि वे कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी प्रभावी नेतृत्व देने में सक्षम हैं।हालांकि सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अभी तक किसी प्रकार का आधिकारिक संकेत या आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन मंत्रालय और प्रशासनिक गलियारों में चल रही चर्चाओं ने इन संभावनाओं को बल दे दिया है। पिछले वर्षों में भी राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं, जिससे एक बार फिर बड़े पैमाने पर तबादलों और नई नियुक्तियों की अटकलें तेज हो गई हैं। यदि यह संभावना साकार होती है, तो छत्तीसगढ़ को दो और महिला कलेक्टर मिल सकते हैं, जो प्रशासनिक व्यवस्था में महिला नेतृत्व की भूमिका को और अधिक मजबूत बनाएगा।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!