Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित की जाने वाली नीट (UG)-2026 परीक्षा के सुचारू, निष्पक्ष एवं सुरक्षित संचालन को लेकर बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में परीक्षा केंद्राध्यक्षों, सिटी कोऑर्डिनेटरों एवं संबंधित अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि जिले में परीक्षा की पवित्रता, पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी केंद्रों पर एनटीए के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिलासपुर शहर के 19 शैक्षणिक संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। बैठक में केंद्रों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की गई।बैठक में संभावित मानसूनी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर अग्रवाल ने अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए वाटरप्रूफ शेड (अस्थायी आश्रय स्थल) तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा प्रवेश द्वारों एवं परिसर के बाहर भी ऐसी व्यवस्था की जाएगी ताकि वर्षा की स्थिति में परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि परीक्षा के दिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां भी अभ्यर्थियों की परीक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसके लिए सभी केंद्रों पर जल निकासी, वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था तथा आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।बैठक में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना, सीसीटीवी निगरानी केंद्रों की सक्रियता, परीक्षा केंद्रों की पूर्व जांच, पुलिस बल की तैनाती तथा संवेदनशील गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीटों की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

कलेक्टर एवं एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अग्रिम कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश भी दिए। परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त पंखे, स्वच्छ शौचालय, प्राथमिक उपचार एवं एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध रहेगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। परीक्षा दिवस पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था की जाएगी।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!