विकास नंद/ सर्वव्यापी
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विनय कुमार लंगेह ने जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राध्यक्षों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।बैठक में कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए तथा परीक्षा केन्द्रों में बिजली, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने परीक्षा के दौरान पारदर्शिता, अनुशासन और अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।परीक्षा समन्वयक संजय कंसल ने बताया कि जिले के पांच परीक्षा केन्द्रों में कुल 1,242 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा की अवधि 3 घंटे 15 मिनट होगी।परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा केन्द्रों के सतत निरीक्षण के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य पी.जी. कॉलेज, मचेवा में नितिन ठाकुर, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, बरोंडाबाजार में ममता ठाकुर, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय में जुगल किशोर पटेल, स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय, नेहरू चौक में हरिश कांत ध्रुव तथा शासकीय माता कर्मा महाविद्यालय, मचेवा में भवानी शंकर साव को कार्यपालिक दण्डाधिकारी नियुक्त किया गया है।सभी नियुक्त अधिकारी परीक्षा दिवस पर सुबह 9 बजे से अपने-अपने केन्द्रों में उपस्थित रहकर परीक्षा व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों की सुरक्षा, सुविधा तथा कानून व्यवस्था की निगरानी करेंगे। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।कलेक्टर विनय लंगेह के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि NEET-2026 का आयोजन पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध हो सके।