विकास नंद/ सर्वव्यापी

सरायपाली नगर के गीता भवन में विकसित भारत सम्मेलन एवं सभागार बैठक का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और विकसित भारत-2047 के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपने संबोधन में सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार राष्ट्रवाद की भावना, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को लेकर पिछले 12 वर्षों से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार, आतंकवाद, अस्थिरता और अनिश्चितता जैसी चुनौतियों से घिरा हुआ था। केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद देश में सुशासन की स्थापना हुई और जनता का विश्वास सरकार के प्रति लगातार बढ़ा है। आज भारत विश्व पटल पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और निर्णायक राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
मुख्य वक्ता एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेम प्रकाश पांडेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई दिशा मिली। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। गरीब, किसान, महिला, युवा और व्यापारियों के उत्थान के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं लागू की गई हैं।उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के कठिन दौर में भारत ने जिस दक्षता और दूरदर्शिता के साथ परिस्थितियों का सामना किया, वह पूरी दुनिया के लिए उदाहरण बना। देशभर में निःशुल्क टीकाकरण अभियान चलाकर करोड़ों लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। इसके साथ ही आर्थिक सुधारों, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत अभियान, आधारभूत संरचना के विस्तार और जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया गया।
प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति, सीमापार सर्जिकल स्ट्राइक, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण तथा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने देश की एकता और अखंडता को और मजबूत किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त करेगा।
सम्मेलन के उपरांत छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्यता विस्तार अभियान के अंतर्गत नगर के 100 नए व्यापारियों को आजीवन सदस्यता प्रमाण पत्र एवं पहचान पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज रायपुर के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, सरायपाली चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष भोज अग्रवाल, सचिव सेवाशंकर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज जैन तथा सह सचिव रिंकू आहूजा की विशेष उपस्थिति रही। सांसद रूपकुमारी चौधरी ने मंच से सभी नए सदस्यों को आजीवन सदस्यता प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष ऐतराम पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती पटेल, जनपद अध्यक्ष लक्ष्मी पटेल, पार्षदगण, जनपद सदस्य, विभिन्न जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य, अधिवक्ता संघ, सामाजिक संगठन के सदस्यगण कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी, सुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर उपस्थितजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।