विकास नंद/सर्वव्यापी

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के तहत सरायपाली तहसील कार्यालय परिसर में 18 जून से 20 जून 2026 तक विशेष जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगा।इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली द्वारा तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी को पत्र जारी कर शिविर की व्यापक जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मुनादी एवं कोटवारों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने कहा गया है।शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं से संबंधित नए पंजीयन, त्रुटि सुधार तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इनमें आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं।
प्रशासन का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। अधिकारियों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।