विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस ग्राम सभा की बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से तैयार स्थायी प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन एवं अवलोकन प्रमुख एजेंडा रहेगा।पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत भवन में प्रतीक्षा सूची चस्पा की जाएगी। ग्राम सभा में सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक पठन किया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी। ग्रामीणों से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। ग्राम सभा से अनुमोदन मिलने के बाद अंतिम सूची आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड की जाएगी।बैठक में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) की भी जानकारी दी जाएगी, ताकि ग्रामीण समय पर केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। विभाग ने ग्राम विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक ग्रामीणों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है।विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवास प्लस 2.0 की सूची एआई आधारित प्रणाली से तैयार की गई है। सूची में नाम जोड़ने के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।ग्राम सभा में आवास पात्रता के सत्यापन हेतु 12 प्रमुख निष्कासन मानदंडों पर भी चर्चा की जाएगी, जिनमें पक्का मकान, दो से अधिक कमरों वाला घर, चार पहिया वाहन, सरकारी नौकरी, आयकरदाता, निर्धारित सीमा से अधिक आय एवं कृषि भूमि जैसे बिंदु शामिल हैं।विभाग ने सभी ग्रामीणों से 24 जून को अपनी ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम सभा में शामिल होकर गांव के विकास और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया है।