विकास नंद/सर्वव्यापी

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के लिए महासमुंद जिले से 20 विशिष्टजनों का दल सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन द्वारा रवाना हुआ। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित इस विशेष यात्रा में जिले के कलाकार, साहित्यकार तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित प्रतिभाएं शामिल हैं।आज सुबह जिले से रवाना होने से पूर्व विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने सभी यात्रियों को साल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी सुखद एवं सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और गौरवशाली विरासत से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा का औपचारिक शुभारंभ रायपुर रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। यात्रा के दौरान सोमनाथ में कलश यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंदिर दर्शन तथा विशिष्ट जनों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।नोडल अधिकारी रेखराज शर्मा ने बताया कि महासमुंद जिले से 20 विशिष्टजनों को सोमनाथ दर्शन के लिए भेजा गया है। इस यात्रा में प्रदेशभर से लगभग एक हजार लोग शामिल हो रहे हैं। यात्रा 26 जून को वापस लौटेगी।इस अवसर पर कलेक्टर परिसर में स्काउट-गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने भी यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और यात्रा को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण पहल बताया।उल्लेखनीय है कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रियों ने कहा कि सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन से उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होगी तथा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को निकट से जानने का अवसर मिलेगा।