विकास नंद/ सर्वव्यापी
प्रदेशव्यापी शाला प्रवेशोत्सव अभियान के तहत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बेलसोडा में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक-रोली लगाकर तथा मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश वितरित किए गए।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी उपस्थित रहीं। उनके साथ विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष संदीप दीवान तथा कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया।सांसद रूपकुमारी चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बच्चों के सपनों को नई उड़ान देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता तथा विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शाला प्रवेश प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है और हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है और बिना शिक्षा के विकसित राष्ट्र की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, लक्ष्य निर्धारण और अनुशासित जीवन अपनाने की सीख दी।छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने विद्यार्थियों से उत्साह, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बच्चों को जिज्ञासु बनने, नई चीजें सीखने तथा अपने भविष्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने मोबाइल और टीवी के अत्यधिक उपयोग से बचते हुए अध्ययन और खेलकूद पर अधिक ध्यान देने की सलाह भी दी।कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, संपा बोस, वाणी तिवारी, विद्यालय के प्राचार्य, शाला विकास समिति के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शाला प्रवेशोत्सव का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी और उत्साहवर्धक साबित हुआ।