विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आज विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम स्तर पर राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण और आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने सभी पटवारियों को ग्राम सभाओं में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि ग्राम सभाओं में उपस्थित होकर पटवारी राजस्व प्रकरणों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करें तथा उनके समयबद्ध निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ग्राम स्तर पर ही प्रभावी पहल की जाए।
कलेक्टर ने सीमांकन, अविवादित खाता विभाजन, नामांतरण तथा अन्य लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निपटारे पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाई जाए और प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि विशेष ग्राम सभाएं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में राजस्व अमले की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान संभव हो सकेगा तथा प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ग्राम सभाओं में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर त्वरित कार्रवाई करें। विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गति आने के साथ-साथ ग्रामीणों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।