विकास नंद/ सर्वव्यापी
विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली एवं विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक सरायपाली के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी आत्मानंद विद्यालय सरायपाली में विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री अनुपमा आनंद की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में विकासखंड के सभी प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे। इस दौरान शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर बिंदुवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में सुश्री अनुपमा आनंद ने सभी शिक्षकों को समय पर विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्यान्ह भोजन कक्ष की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा शासन के निर्देशानुसार विद्यालयों में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन कर विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने उल्लास सर्वे को शीघ्र पूर्ण करते हुए क्षेत्र के असाक्षरों की सूची तैयार कर विकासखंड कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी परिस्थिति में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।बैठक में अपार आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संकुल समन्वयकों एवं संकुल प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी उपलब्ध कराई जाए। आगामी सोमवार तक सभी संस्था प्रमुख यू-डाइस में सुधार हेतु एसओ-3 फॉर्म विकासखंड कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करेंगे।एसडीएम ने जर्जर विद्यालय भवनों में किसी भी स्थिति में शाला संचालन नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही जर्जर भवनों की सूची तैयार कर संबंधित प्रस्ताव कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने सभी संस्था प्रमुखों को यू-डाइस में प्रोग्रेशन संबंधी कार्य आगामी सोमवार तक पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।बैठक के अंत में विकासखंड को पूर्णतः साक्षर बनाने के उद्देश्य से उल्लास कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सुश्री अनुपमा आनंद द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों को उल्लास शपथ दिलाई गई।बैठक में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.एन. दीवान, विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक सहित सभी प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन देवानंद नायक ने किया। उक्त जानकारी शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप द्वारा प्रदान की गई।