तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
जनप्रतिनिधियों का प्रमुख दायित्व केवल जनादेश प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के नागरिकों की सेवा, उनके सुख-दुख में सहभागिता तथा क्षेत्र के समग्र विकास और खुशहाली के लिए निरंतर प्रयास करना भी है। उक्त विचार वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने ग्राम पंचायत महमंद, विकासखंड बिल्हा में आयोजित पाइपलाइन विस्तार एवं बोरिंग उत्खनन कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और जनकल्याणकारी कार्यों का क्रियान्वयन प्रत्येक जनप्रतिनिधि की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और आमजन की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर कार्य करना ही जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य है।इस अवसर पर कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या, भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महामंत्री सौरभ मौर्य तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत महमंद के सरपंच प्रतिनिधि विक्की निर्मलकर ने की।कार्यक्रम में कांग्रेस नेता मोहन जायसवाल, मुकेश अग्रवाल, महेश मिश्रा, ग्राम पंचायत के पंच, उपसरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।ग्राम महमंद पहुंचने पर सरपंच प्रतिनिधि विक्की निर्मलकर एवं ग्रामवासियों द्वारा त्रिलोक चंद्र श्रीवास का आतिशबाजी, पुष्पहार एवं पारंपरिक स्वागत के साथ आत्मीय अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में विकास कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों से निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।यह भूमिपूजन कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में ग्रामवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।