हल्की बारिश में ही जलमग्न हुआ तखतपुर का मुख्य मार्ग, जर्जर सड़क से लोगों में आक्रोश।

Share Now

तखतपुर,रामायण कौशिक, ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी

बिलासपुर जिला मुख्यालय से मुंगेली रोड पर स्थित तखतपुर नगर का मुख्य प्रवेश मार्ग पहली ही हल्की बारिश में जलमग्न हो गया है। तखतपुर प्रवेश करते ही मुख्य सड़क पर जलभराव की स्थिति ने नगर की बुनियादी व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि राहगीरों, वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से तखतपुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग की स्थिति दयनीय बनी हुई है। सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। हल्की बारिश के बाद ही सड़क का जलमग्न होना संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।क्षेत्रीय विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर द्वारा सड़क निर्माण के लिए लाखों रुपये की स्वीकृति मिलने की बात लगातार कही जा रही है, लेकिन गर्मी का पूरा मौसम गुजर जाने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। अब बारिश शुरू होते ही नागरिकों की समस्याएं और बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया होता, तो आज उन्हें इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।तस्वीरें भी सड़क की वास्तविक स्थिति को स्पष्ट रूप से बयां कर रही हैं। मुख्य मार्ग पर जलभराव, कीचड़ और गड्ढों के कारण आमजन का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।नगरवासियों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि तखतपुर के मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को राहत मिल सके। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि जनता की इस गंभीर समस्या का समाधान कब तक कर पाते हैं।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!