तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
राज्य में कार्यरत समस्त कृषि स्नातक, कृषि विकास अधिकारियों ने वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के पद पर पदोन्नति न मिलने पर गहरा असंतोष जताया है। अधिकारियों ने अपने अपने उपसंचालक कृषि, को अल्टीमेटम पत्र सौंपकर तक पदोन्नति आदेश जारी करने की मांग की है।कृषि विकास अधिकारियों का कहना है कि वे विगत कई वर्षों से पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से विभागीय सेवा कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ कृषि विभाग सेवा भर्ती नियम 2016 के तहत 5 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर वे पदोन्नति के पात्र हैं, लेकिन आज तक आदेश जारी नहीं हुआ। इस संबंध में कई बार मौखिक एवं लिखित निवेदन के बाद भी कोई ठोस कार्यवाही न होने से अधिकारियों में निराशा है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि तय तिथि तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं हुए तो वे दो प्रमुख कार्यों का बहिष्कार करेंगे: *प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी* के रूप में मिले समस्त प्रभार एवं दायित्व *गुण नियंत्रक* के रूप में किए जा रहे समस्त कार्य , अधिकारियों ने कहा कि इससे उत्पन्न होने वाली प्रशासनिक एवं क्षेत्रीय कठिनाइयों का संपूर्ण उत्तरदायित्व विभाग का होगा। इस अल्टीमेटम पत्र की प्रतिलिपि संचालक, कृषि संचालनालय रायपुर को भी भेजी गई है। अधिकारियों ने मांग की है कि प्रकरण को गंभीरता से लेकर अतिशीघ्र पदोन्नति की कार्यवाही पूर्ण की जाए।


