विकास नंद/सर्वव्यापी
राज्य के मुख्य सचिव विकासशील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक लेकर शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों में लंबित बैकलॉग पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।मुख्य सचिव ने विभागीय सचिवों से कहा कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे। उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं के तहत लंबित भू-अर्जन प्रकरणों का भी तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए।बैठक में ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं तथा पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित विभिन्न प्रमुख योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, गृह एवं जेल, आदिम जाति विकास, महिला एवं बाल विकास, मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, सुशासन एवं अभिसरण, सामान्य प्रशासन, स्कूल शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि, परिवहन, नगरीय प्रशासन, कौशल विकास, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वाणिज्यिक कर (पंजीयन) सहित विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव एवं सचिव उपस्थित रहे।


