नूर मोहम्मद, ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी
जनपद पंचायत गौरेला अंतर्गत ग्राम पंचायत झगराखंड में पिछले लगभग आठ वर्षों से पदस्थ विवादित पंचायत सचिव कविता राठौर को आखिरकार शिकायतों के आधार पर हटाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) द्वारा यह कार्रवाई विभिन्न शिकायतों और आरोपों को संज्ञान में लेने के बाद की गई है।गौरतलब है कि पंचायत सचिव कविता राठौर के विरुद्ध 14वें एवं 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग में अनियमितता, पंचायत के पंचों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार, नव निर्मित पुलिया को तोड़कर लगभग 10 लाख रुपये की लागत से नई पुलिया निर्माण कराने तथा बोर खनन के नाम पर रोहित ट्रेडर्स के नाम से कथित फर्जी बिल लगाकर राशि आहरित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे।इन सभी आरोपों को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही थीं। इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जिला पंचायत स्तर पर कार्रवाई करते हुए सचिव को हटाने के आदेश जारी किए गए।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्रवाई जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मामले में लगाए गए वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।हालांकि, यह उल्लेखनीय है कि लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि सक्षम जांच के बाद ही होगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।


