विकास नंद/सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विभिन्न निगम, आयोग, मंडलों एवं बोर्डों में 13 पदों पर नियुक्तियों की घोषणा के बाद सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। क्षेत्र के दो वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मनोज दास ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार पूर्व विधायक रामलाल चौहान को छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रामलाल चौहान अनुसूचित जाति समाज के मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति को सामाजिक न्याय और जनहित की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।इसी प्रकार सरायपाली क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता राजेन्द्र नायक को छत्तीसगढ़ राज्य शाकम्बरी बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय राजेन्द्र नायक को यह दायित्व मिलने पर कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया है। उनका मानना है कि उनके नेतृत्व में बोर्ड की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होगा तथा किसानों एवं संबंधित वर्गों को इसका लाभ मिलेगा।भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मनोज दास ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संगठन के समर्पित और अनुभवी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर उनके अनुभव का सम्मान कर रही है। उन्होंने कहा कि सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के लिए यह गौरव का विषय है कि यहां के दो नेताओं को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं।मनोज दास ने विश्वास जताया कि रामलाल चौहान एवं राजेन्द्र नायक अपने-अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए प्रदेश और समाज के हित में प्रभावी कार्य करेंगे। उन्होंने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन नियुक्तियों से सरायपाली विधानसभा का प्रदेश स्तर पर प्रतिनिधित्व और अधिक मजबूत होगा।नियुक्तियों की घोषणा के बाद क्षेत्रभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सोशल मीडिया पर बधाइयों का दौर जारी है, वहीं अनेक स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी का इजहार किया।


