मुंगेली,जियाउद्दीन खान, ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी
मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत उपनिदेशक नितिन शर्मा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित Experience Learning Program (ELP) के तहत 30 जून 2026 से 4 जुलाई 2026 तक रामगढ़ स्थित वृद्धाश्रम एवं जिला अस्पताल, मुंगेली स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में पाँच दिवसीय सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक नितेश कुमार मोहले द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को समाज सेवा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उनमें सेवा, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना था।पाँच दिनों तक रामगढ़ स्थित वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के साथ आत्मीय संवाद, परिसर की स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, रक्तचाप (BP) परीक्षण, मनोरंजक खेल एवं समूह गतिविधियों का आयोजन किया गया। कुर्सी दौड़, बॉल पासिंग सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से वृद्धजनों का उत्साहवर्धन किया गया। 4 जुलाई 2026 को आयोजित समापन दिवस पर सभी वृद्धजनों को सम्मानपूर्वक स्वल्पाहार कराया गया तथा उनके साथ समय व्यतीत कर उन्हें सम्मान, अपनत्व एवं स्नेह का अनुभव कराया गया।इसी प्रकार जिला अस्पताल, मुंगेली स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में स्वयंसेवकों ने केंद्र की कार्यप्रणाली का अध्ययन किया तथा आम नागरिकों को प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के अंतर्गत उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती जेनेरिक दवाइयों की जानकारी दी। साथ ही जन औषधि केंद्र के महत्व एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।वृद्धाश्रम गतिविधियों में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक नितेश कुमार मोहले के नेतृत्व में स्वयंसेवकों चंद्रशेखर चेलकर, राजीव टोंडे, संजीव टोंडे, हनी सांडे एवं अमित पुरी ने सक्रिय सहभागिता निभाई।वहीं जन औषधि केंद्र में स्वयंसेविकाओं बम्लेश्वरी साहू, भूमिका साहू, श्रुति पाटले, पिंकी पाटले एवं पूजा साहू ने सेवा कार्यों, जनजागरूकता एवं हितग्राहियों के सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु उपनिदेशक नितिन शर्मा, रामगढ़ स्थित वृद्धाश्रम परिवार, जिला अस्पताल, मुंगेली स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सभी स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह कार्यक्रम युवाओं में सेवा, संवेदनशीलता, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।


