तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर जिले में चंद्रनाहु कुर्मी समाज द्वारा तिफरा स्थित कुर्मी सामुदायिक भवन में समाज हित एवं संगठनात्मक मजबूती को लेकर एक महत्त्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बिलासपुर जिले सहित रायपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मूलमुला, मस्तूरी, मल्हार, कोरबा, रतनपुर, पाली, तखतपुर, लोरमी, मुंगेली तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं क्षेत्रों से समाज के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।बैठक का उद्देश्य समाज को एकजुट करते हुए सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और बदलते समय के अनुरूप शिक्षा, रोजगार, सामाजिक समरसता तथा युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।बैठक में समाज के वरिष्ठजनों ने सामाजिक परंपराओं एवं संस्कृति के संरक्षण पर विशेष बल देते हुए नई पीढ़ी को समाज के गौरवशाली इतिहास एवं मूल्यों से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सहयोग, सामूहिक विवाह, सामाजिक भवनों के विकास तथा संगठन को गांव से लेकर प्रदेश स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।प्रदेश एवं विभिन्न जिलों से आए जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी साझा करते हुए समाज के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति तभी संभव है जब सभी वर्ग आपसी भाईचारे, सहयोग और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ें।बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती तथा भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा दूर-दराज़ से पहुंचे सभी अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया गया।


