विकास नंद/सर्वव्यापी
खरीफ सीजन में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में आत्मनिर्भर दलहन योजना के तहत धान के स्थान पर दलहन उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा किसानों को दलहन, तिलहन एवं अन्य लाभकारी फसलों की खेती अपनाने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न ग्रामों में किसानों को उन्नत किस्म के उड़द बीज का वितरण किया गया।ग्राम पाइकपारा में आयोजित बीज वितरण कार्यक्रम में जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक-16 पद्मनी प्रदीप भोई की उपस्थिति में किसानों को उड़द बीज वितरित किए गए। उन्होंने किसानों से शासन की कृषि योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाते हुए धान के साथ-साथ दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने का आह्वान किया।इसी तरह सरायपाली विकासखंड के ग्राम बोंदानवापली में जनपद पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी पटेल ने किसानों को आत्मनिर्भर दलहन योजना के अंतर्गत उड़द बीज वितरित किए। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और योजनाओं का लाभ लेकर उत्पादन बढ़ाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले ने किसानों को उड़द की उन्नत खेती, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, समय पर बुवाई तथा फसल संरक्षण संबंधी तकनीकी जानकारी भी प्रदान की।अधिकारियों ने बताया कि केवल धान पर निर्भर रहने के बजाय फसल विविधीकरण अपनाने से उत्पादन का जोखिम कम होता है, मिट्टी की उर्वरता में सुधार आता है और किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त होता है। कृषि विभाग ने किसानों से दलहन एवं तिलहन फसलों का अधिक से अधिक उत्पादन कर शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की, ताकि जिले में फसल विविधीकरण को गति मिले और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित हो सके।


