तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
जांजगीर कन्नौजिया तेली समाज के लिए एक अत्यंत गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल सामने आई है। समाज के वरिष्ठ सदस्य सुकृत लाल साव बनारी वाले, पिता स्वर्गीय डी. पी. साव, वर्तमान निवासी हर्षित नगर, रायपुर ने अपनी पैतृक संपत्ति समाजहित में समर्पित करने का ऐतिहासिक संकल्प लिया है।सुकृत लाल साव ने समाज के अध्यक्ष को संबोधित अपने संकल्प-पत्र में अपनी स्वामित्वाधीन संपत्ति, जो ग्राम बनारी, तहसील जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा में स्थित है, को अपने पूज्य माता स्वर्गीय फूल बाई साव एवं पिता स्वर्गीय डी. पी. साव की पावन स्मृति में कन्नौजिया तेली समाज को समर्पित करने की इच्छा व्यक्त की है।उन्होंने कहा है कि संपत्ति के हस्तांतरण हेतु आवश्यक सभी वैधानिक प्रक्रियाएँ, जैसे दान-पत्र, उपहार विलेख अथवा अन्य विधिक औपचारिकताएँ, पूर्ण कर संपत्ति का स्वामित्व समाज के अधिकृत संगठन के नाम हस्तांतरित कराया जाएगा।प्रस्तावित संपत्ति का उपयोग सामाजिक भवन, पुस्तकालय, छात्र सहायता केंद्र, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, समाज की बैठकों तथा विवाह, छठी, शोकसभा एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए किए जाने का उद्देश्य व्यक्त किया गया है। साथ ही उन्होंने अनुरोध किया है कि भविष्य में उनके परिवार के सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए भवन आवंटन में परिवार को प्राथमिकता प्रदान की जाए।सुकृत लाल साव ने समाज के पदाधिकारियों से आग्रह किया है कि वे इस संकल्प को मूर्त रूप देने हेतु आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करें, ताकि समाज को स्थायी सामाजिक भवन उपलब्ध हो सके।समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने सुकृत लाल साव के इस अनुकरणीय निर्णय का स्वागत करते हुए इसे समाज सेवा, त्याग और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है। उनका मानना है कि यह ऐतिहासिक पहल समाज के संगठनात्मक विकास को नई दिशा देगी तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


