विकास नंद/सर्वव्यापी
जिले के दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जबलपुर द्वारा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (एआईसी) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत 23 एवं 24 जुलाई 2026 को वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पूर्व में आयोजित मूल्यांकन शिविरों में चिन्हांकित पात्र दिव्यांग हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में पहले चरण में मूल्यांकन शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों का चयन किया गया था। अब इन्हीं चिन्हांकित हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। दोनों शिविर प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होंगे।
23 जुलाई (गुरुवार) को डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन, खैरा (महासमुंद) में आयोजित शिविर में महासमुंद एवं बागबाहरा विकासखंड के हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
24 जुलाई (शुक्रवार) को मांगलिक भवन, बसना में आयोजित शिविर में पिथौरा, बसना एवं सरायपाली विकासखंड के चिन्हांकित हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।समाज कल्याण विभाग ने सभी पात्र हितग्राहियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर स्थल पर उपस्थित होने की अपील की है। सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए उपकरण चिन्हांकन पावती, आधार कार्ड तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
शिविर के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा चिन्हांकित हितग्राहियों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।


