विकास नंद/सर्वव्यापी

भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर सरायपाली नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे नगर में “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा और श्रद्धा का अनुपम दृश्य देखने को मिला।भव्य रथयात्रा पारंपरिक गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के बीच निकाली गई। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव से भगवान के रथ को खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होकर आस्था और उत्साह का परिचय दिया।रथयात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी, पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा प्रसाद का वितरण किया। नगर का पूरा वातावरण धार्मिक उल्लास से सराबोर रहा।रथयात्रा पर्व ने सरायपाली में धार्मिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।


