तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री कार्यालय के लेटरहेड पर जारी एक पत्र ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्र में एस.एन.जी. महाविद्यालय, मुंगेली की जन भागीदारी समिति के लिए रवि कुमार साहू को “सांसद प्रतिनिधि” के रूप में मनोनीत किए जाने का उल्लेख तो है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण तथ्य—यह नियुक्ति किस सांसद की ओर से की गई है—का कहीं भी उल्लेख नहीं किया गया है।पत्र में केवल इतना लिखा गया है कि संबंधित व्यक्ति को जन भागीदारी समिति हेतु सांसद प्रतिनिधि के रूप में मनोनीत किया जाता है तथा यह पत्र माननीय राज्य मंत्री (MoS, H&UA) के निर्देश पर जारी किया गया है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया कि यह प्रतिनिधित्व किस लोकसभा क्षेत्र के सांसद की ओर से है। ऐसे में इस पत्र की प्रशासनिक स्पष्टता और प्रक्रिया पर सवाल उठना स्वाभाविक है।जन भागीदारी समिति में सांसद प्रतिनिधि का नामांकन सामान्यतः संबंधित सांसद की अनुशंसा अथवा अधिकार क्षेत्र से जुड़ा विषय माना जाता है। ऐसे में यदि आदेश में संबंधित सांसद का नाम ही दर्ज नहीं है, तो इससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है। भविष्य में यह भी विवाद का विषय बन सकता है कि प्रतिनिधि किस सांसद के अधिकार से नियुक्त किया गया।इतना ही नहीं, भारत सरकार के आधिकारिक लेटरहेड पर जारी पत्र होने के बावजूद आदेश में आवश्यक प्रशासनिक विवरण का अभाव दिखाई देता है। इससे पत्र की औपचारिकता और पारदर्शिता पर भी प्रश्न उठ रहे हैं। शासन के आधिकारिक पत्रों में स्पष्टता, पूर्ण विवरण और वैधानिक आधार का उल्लेख अपेक्षित माना जाता है।अब सवाल यह उठता है कि क्या यह केवल एक टंकण या प्रारूप संबंधी त्रुटि है, या फिर बिना आवश्यक विवरण के ही नियुक्ति आदेश जारी कर दिया गया? यदि यह त्रुटि है तो संबंधित कार्यालय को तत्काल संशोधित आदेश जारी कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का प्रशासनिक या कानूनी विवाद उत्पन्न न हो। वहीं,यदि संबंधित मंत्रालय या पत्र जारी करने वाले अधिकारी का इस संबंध में कोई स्पष्टीकरण प्राप्त होता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


