विकास नंद/ सर्वव्यापी
शासन की जनहितकारी पहल सेवा सेतु पोर्टल आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसी कड़ी में बसना विकासखंड के ग्राम पंचायत गनेकेरा निवासी मुकुटा, पति लोकनाथ को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नया राशन कार्ड सहजता से प्राप्त हुआ।जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत गनेकेरा के मनीष सोनी ने सेवा सेतु पोर्टल पर मुकुटा के नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका राशन कार्ड स्वीकृत होकर जारी हो गया। राशन कार्ड मिलने पर मुकुटा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन और प्रशासन के प्रति आभार जताया।जिला तकनीकी प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। पोर्टल की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और नागरिक हितैषी है, जिससे लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ते और समयबद्ध तरीके से सेवाओं का लाभ मिल जाता है।उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं को डिजिटल माध्यम से आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी मंच बन चुका है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने गांव के निकट ही आवश्यक शासकीय सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। इससे नागरिकों का समय, श्रम और खर्च तीनों की बचत हो रही है तथा शासन की डिजिटल सेवा व्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।


