पथरचूआ में श्री सीमेंट की जन सुनवाई का विरोध तेज, मजदूर संघ ने लगाया गंभीर आरोप

Share Now

बलौदा बाजार, 30 अप्रैल:

पथरचूआ और मुसुवाडीह क्षेत्र में श्री सीमेंट कंपनी द्वारा आयोजित की जा रही जन सुनवाई के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष के के वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि श्री सीमेंट पहले भी भरवाडीह, सेमरडीह, खपराडीह और करही चंडी गांवों में किसानों को झूठे आश्वासन देकर उनकी पैतृक जमीनें हड़प चुकी है।श्री वर्मा ने कहा कि कंपनी ने किसानों से रोजगार, उचित मुआवजा और अन्य सुविधाओं का वादा कर औने-पौने दामों में जमीनें ले लीं, लेकिन आज तक न तो किसानों को उचित मुआवजा मिला और न ही उनके बच्चों को रोजगार। क्षेत्र के कई शिक्षित बेरोजगार आज भी दर-दर भटक रहे हैं।उन्होंने आशंका जताई कि अब कंपनी पथरचूआ और मुसुवाडीह के किसानों को भी लालच और धोखे से उनकी जमीनें हड़पने की योजना बना रही है। श्री वर्मा ने स्पष्ट कहा कि यदि कंपनी ने भविष्य में भी ऐसा प्रयास किया, तो मजदूर संघ सड़कों पर उतर कर उसका विरोध करेगा, चाहे इसके लिए लाठी-डंडे क्यों न खाने पड़े या जेल क्यों न जाना पड़े।उन्होंने यह भी बताया कि जन सुनवाई के दिन प्रेमलाल ध्रुव, सुनील साहू, भरत वर्मा, शिवलाल ध्रुव, अंजू वर्मा, गया राम यादव, धनेश्वरी वर्मा, चंद्र कुमार देवकर, प्रवीण कुर्रे सहित जिला कार्यकारिणी के कई सदस्य मौके पर मौजूद रहकर विरोध दर्ज कराएंगे।इस विरोध को देखते हुए कल की जन सुनवाई में तनाव की स्थिति बन सकती है। प्रशासन के लिए यह एक बड़ी चुनौती होगी कि वह सुनवाई को शांतिपूर्वक संपन्न कराए और सभी पक्षों की बातों को गंभीरता से सुने।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!