नगरीय निकाय निर्वाचन: 151 मतदान दलों को दिया गया प्रथम चरण का प्रशिक्षण।

Share Now

मुंगेली/ जिया खान/ सर्वव्यापी ब्यूरो चीफ /

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के नगरीय निकायों के 123 मतदान केन्द्रों में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए 151 मतदान दलों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में कुल 604 मतदान कर्मियों ने हिस्सा लिया। जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल दाउपारा में आयोजित प्रशिक्षण का कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल देव और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने अवलोकन किया और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने मतदान दलों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और आदर्श आचरण संहिता का पालन करते हुए मतदान केन्द्रों में विधिवत एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए प्रोत्साहित किया। *मतदान दल जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें – कलेक्टर* कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन कार्य में मतदान दलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जिला प्रशासन द्वारा आप सभी को मतदान दल के रूप में जो जिम्मेदारी भी दी गई है, उसे गंभीरतापूर्वक निर्वहन करना है। प्रशिक्षण के दौरान आने वाली शंकाओं का प्रशिक्षण में ही समाधान कर लें। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।*मतदान केन्द्रों में अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं होना चाहिए – एसपी* पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मतदान केन्द्रों में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए। निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन कराते हुए शतप्रतिशत मतदान कराना है। यदि किसी असमाजिक तत्वों द्वारा निर्वाचन कार्य को बाधित करने का प्रयास किया जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दी जाए। *अध्यक्ष, पार्षद पदों के लिए ईव्हीएम मशीन के माध्यम से होगा चुनाव* प्रशिक्षण में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर द्वारा बताया गया कि जिले के अंतर्गत सभी नगरीय निकायों में अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए ईव्हीएम मशीन के माध्यम से चुनाव होगा। इस ईव्हीएम की डिजाईन लोकसभा एवं विधानसभा निर्वाचन में प्रयुक्त ईव्हीएम से अलग है। इसमें वीवीपेट का प्रयोग नहीं होगा। प्रत्येक मतदान केन्द्र में एक इव्हीएम से दोनों पदों के लिए मतदान होगा। प्रशिक्षण में मतदान सामाग्री प्राप्ति, मतदान केन्द्र व्यवस्था, मतदान उपरांत सामाग्री वापसी सहित मतदान की सम्पूर्ण प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर जी एल यादव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेनका प्रधान, मास्टर ट्रेनर राधेश्याम साहू, एन के पुरले, सुनील शर्मा, मोहन उपाध्याय, संजय सोनी, आई. पी. यादव, जयमंगल सिंह ध्रुव और चन्द्रशेखर उपाध्याय मौजूद रहे। *नाम निर्देशन 28 व अभ्यर्थिता वापस 31 तक, 65 हजार 968 मतदाता देंगे मत* गौरतलब है कि नगरीय निकायों में निर्वाचन सूचना प्रकाशन 22 जनवरी, नाम निर्देशन 22 से 28 जनवरी, संविक्षा 29 जनवरी, अभ्यर्थिता वापस लेने की तिथि 31 जनवरी निर्धारित की गई है। मतदान 11 फरवरी को होगा। जिले के सभी नगरीय निकायों के 65 हजार 968 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे, इनमें 32 हजार 560 पुरूष मतदाता, 33 हजार 405 महिला मतदाता और 03 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।क्रमांक 01-83// फोटो


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!