विश्व रक्तदाता दिवस पर हिंदी विश्वविद्यालय ने ली शपथ…मानवता के लिए करें रक्तदान : कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा।

Share Now

बिलासपुर/वर्धा/ तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/

विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा महाराष्ट्र ने 14 जून को रक्तदान की शपथ ली। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने विश्वविद्यालय के अध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थियों को रक्तदान की शपथ दिलाई।

कस्तूरबा सभागार में सम्मिश्र पद्धति से आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने कहा कि हमें दूसरों का जीवन बचाने के लिए और मानवता के हक में रक्त का दान करना चाहिए।‌ सन् 2004 से ही पूरे विश्व में 14 जून को रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने के पीछे के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि हम मानवता के हक में आवाज दे। 2025 के विश्व रक्तदाता दिवस का विषय है ‘रक्त दो, आशा दो और हम साथ मिलकर जीवन बचाएं’।

इसपर उन्होंने कहा कि यह विषय इस बात का संकेतक है कि जब हम रक्तदान करते हैं तो केवल हम रक्तदान नहीं कर रहे होते बल्कि हम जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे व्यक्ति को और उसके पूरे परिवार को जीवन की जंग जीतने का हौसला दे रहे होते हैं।‌ उनको संबल दे रहे होते हैं, उनको शक्ति दे रहे होते हैं। और ऐसे समय में यह शक्ति बहुत काम की होती है कि लोग हमारे साथ है।‌ रक्तदाता दिवस आपको अवसर देता है कि आप स्वेच्छा से रक्तदान करें और अपने-अपने स्तर पर जागरूकता फैलाएं।‌ विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारियों से अपील करते हुए कुलपति ने कहा कि वे अपने-अपने स्तर पर रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाएं और साथ मिलकर जीवन बचाएं। मनुष्य व समाज के हित में अपनी सामूहिक जिम्मेदारी महसूस करें कि हमारा भी एक दायित्व और कर्तव्य है।‌

उन्होंने कहा कि हमारा कर्तव्य परिवार, समाज और व्यक्ति के स्तर पर भी है। उन्होंने आह्वान किया कि किसी के संघर्ष के समय में आगे बढ़कर उसकी मदद करें और मानवता के हक में अपने खून का दान करें, इससे बड़ा दान कोई नहीं है। रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में शीघ्र ही रक्त दान शिविर आयोजित किया जाएगा जिसमें रक्तदान करने की अपील भी कुलपति प्रो कुमुद शर्मा ने की।‌इस अवसर पर साहित्य विद्यापीठ तथा छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अवधेश कुमार एवं कार्यवाहक कुलसचिव राजेश अरोड़ा मंचासीन थे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी बी. एस. मिरगे ने किया।

इस दौरान डॉ.जयंत उपाध्याय, डॉ. अनवर अहमद सिद्दीकी, डॉ. एम.एम. मंगोड़ी, डॉ. पीयूष पतंजलि, विनोद वैद्य, डॉ. राजेश्वर सिंह, कौशल त्रिपाठी, डॉ. गिरीश पाण्डेय, मनोज द्विवेदी, राजीव पाठक, संगीता मालवीय, रवि वानखडे, अरविंद कुमार, संजय तिवारी, तुषार वानखडे, वेद प्रकाश, संजय उराडे, सुधीर खरकटे आदि सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कोलकाता एवं प्रयागराज क्षेत्रीय केंद्रों के शिक्षकों व कर्मचारियों तथा सर्वज्ञ श्री चक्रधर स्वामी मराठी भाषा एवं तत्वज्ञान अध्ययन केंद्र, रिद्धपुर से डॉ. नीता मेश्राम ने ऑनलाइन सहभागिता की।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!