विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए शिविरों का आयोजन…शासन की योजनाओं से हितग्राहियों को मिल रहा लाभ।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

आदिवासी समुदायों के समग्र उत्थान एवं शासकीय योजनाओं की पहुंच हर पात्र हितग्राही तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महासमुंद जिले में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत 17 जून से 30 जून 2025 तक विभिन्न ग्राम पंचायतों में सेवा एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महासमुंद विकासखंड के ग्राम पंचायत खमतराई, पिथौरा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत खुटेरी, बागबाहरा के डोंगरीपाली और सरायपाली के ग्राम पंचायत पझ़रापाली में आज लाभ संतृप्ति शिविरों का आयोजन किया गया। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य विशेष पिछड़ी जनजातियों के चिन्हांकित ग्रामों में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को समन्वित रूप से प्रस्तुत कर ग्रामीणों को सीधे लाभ प्रदान करना है। यह अभियान शासन की “सबका साथ, सबका विकास“ की भावना को साकार करते हुए अंतिम व्यक्ति तक सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रभावशाली पहल है।

शिविर में ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी शिविरों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में शासन की विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सेवाएं दी गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सुपोषण अभियान की जानकारी दी गई एवं पोषण स्तर की ट्रैकिंग की गई। राजस्व विभाग द्वारा नामांतरण, बंटवारा और जाति प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं मौके पर ही प्रदान की गईं। कृषि विभाग ने उन्नत बीज वितरण किया तथा किसानों को कृषि यंत्रों और आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया। पशुपालन विभाग ने मवेशियों का टीकाकरण किया और पशुपालन से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने राशन कार्ड सुधार, पात्रता पर्ची वितरण और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की जानकारी साझा की। इन सभी प्रयासों से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ। सरायपाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पझरापाली शिविर में 135 हितग्राहियों का विभिन्न येजनाओं के अंतर्गत पंजीयन किया गया। इनमें राशन कार्ड के लिए 15, आयुष्मान कार्ड के लिए 15, जाति प्रमाण पत्र के लिए 13, निवास प्रमाण पत्र के लिए 17 व मातृत्व वंदन योजना के तहत 10 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन किया गया। साथ ही वृद्धावस्था पेंशन के तहत 20 एवं विधवा पेंशन के तहत 15 हितग्राहियों को स्वीकृति दी गई। इसी प्रकार पिथौरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत खुटेरी शिविर में 92 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। जिसमें आधार कार्ड के लिए 17, राशन कार्ड के लिए 09, आयुष्मान कार्ड के लिए 06, जाति प्रमाण पत्र के लिए 13, निवास प्रमाण पत्र के लिए 05 व किसान क्रेडिट कार्ड के लिए एक कृषक का पंजीयन किया गया। साथ ही वृद्धावस्था पेंशन के लिए एक हितग्राही का चयन कर स्वीकृति दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 40 लोगों का सिकल सेल जांच किया गया।

इस अवसर पर जनपद सीईओ, खंड स्तरीय अधिकारीगण, ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का स्थल पर ही समाधान किया। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!