साप्ताहिक जन चौपाल में ग्रामीणों ने रखी समस्याएं कलेक्टर ने दिए विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

जिला कार्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जन चौपाल में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं।

इस जन चौपाल में कुल 38 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर लंगेह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त आवेदनों का शीघ्र और प्राथमिकता से निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि दूरदराज से आने वाले नागरिकों की समस्याओं को शासन की योजनाओं से जोड़ते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ दिलाने हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को विभागवार आवेदन सौंपे गए और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।साप्ताहिक जन चौपाल के दौरान बागबाहरा विकासखंड के ग्राम कुसमी के ग्रामीणों ने शासकीय चारागाह भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत करते हुए कार्यवाही की मांग की। ग्राम पंचायत तमोरा अंतर्गत ग्राम तमोरा से अमलोर तक पक्की सड़क निर्माण तथा ग्राम खम्हारमुड़ा सिंघनपुर के निवासियों ने भी सड़क निर्माण की आवश्यकता को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम आँवलाचक्का में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में व्याप्त अनियमितता और लापरवाही को लेकर भी ग्रामवासियों ने शिकायत दर्ज कराई। वहीं ग्राम ढाबाखार, पिथौरा की निवासी सदन बाई सिदार ने निजी भूमि पर निर्माण कार्य में बाधा की जानकारी देते हुए सुरक्षा और सहायता की मांग की। कलेक्टर लंगेह ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित एवं प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!