विकास नंद/सर्वव्यापी/

महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस. आलोक ने पिथौरा विकासखंड के ग्राम भुरकोनी और बुन्देली का दौरा कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं बुनियादी सुविधाओं की जमीनी हकीकत की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, अधोसंरचना विकास, पोषण, सड़क मरम्मत, और खाद-बीज आपूर्ति जैसे मुद्दों पर अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए।स्वास्थ्य केंद्र में अनियमितता, कार्रवाई के निर्देश ग्राम भुरकोनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका में आरएमए स्टाफ के हस्ताक्षर नहीं पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित कर्मचारी का अटैचमेंट समाप्त कर तत्काल वहीं सेवा देने के निर्देश दिए।
बिना सूचना लंबे समय तक अनुपस्थित स्वीपर टेकराम साहू का वेतन रोकने के भी आदेश दिए गए।आइसोलेशन वार्ड के 4 वर्षों से बंद रहने पर कलेक्टर ने शीघ्र शुरू कराने, रात्रिकालीन ड्यूटी हेतु रोस्टर तैयार करने, ओपीडी पंजीयन ऑनलाइन शुरू करने और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की एम्बुलेंस मांग पर उन्होंने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना में धीमी गति पर नाराजगी ग्राम पंचायत बुन्देली में पीएम आवास योजना के तहत कई आवासों का निर्माण अब तक शुरू नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और 5 दिवस में कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
सड़क और अधोसंरचना को लेकर सख्त रुखभुरकोनी-मोहंदा, भुरकोनी-बुन्देली एवं बुन्देली-ठाकुरदियाखुर्द मार्गों की जर्जर हालत पर कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी और वन विभाग को तत्काल मरम्मत एवं निर्माण हेतु प्राक्कलन तैयार कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।शिक्षा और भवन मरम्मत को प्राथमिकता प्राथमिक विद्यालय बुन्देली की जर्जर हालत और पहले से आहरित राशि के बावजूद मरम्मत कार्य शुरू न होने पर जांच कर 3 दिवस में प्रतिवेदन देने और आवश्यकतानुसार राशि की वसूली कर आरसीसी दर्ज करने के निर्देश दिए गए।आंगनबाड़ी भवन में छत से पानी टपकने की शिकायत पर मरम्मत कार्य पंचायत मद व 15वें वित्त आयोग से कराने के निर्देश दिए।कृषि और खाद आपूर्ति पर भी गंभीर निर्देश ग्रामीणों द्वारा डीएपी खाद की कमी की शिकायत पर कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि को निर्देश दिए कि सहकारी समिति बुन्देली में तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही, कृषि विस्तार अधिकारी की नियमित अनुपस्थिति पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।अवैध शराब और अतिक्रमण पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश गांव में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की शिकायत पर कलेक्टर ने पुलिस और आबकारी विभाग को त्वरित कार्रवाई करने को कहा।कन्या शाला भवन के पास निजी निर्माण से जल निकासी बाधित होने पर ग्राम पंचायत को प्रस्ताव पारित कर अतिक्रमण हटाने तथा स्कूल के पास बने अन्य अवैध निर्माण पर नोटिस जारी कर तहसीलदार को कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल संसाधनों के विकास की पहल गजगिजनी एवं नया तालाब जलाशय के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दिलाने हेतु संबंधित विभागों को शीघ्र पहल करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का स्पष्ट संदेश था — योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचे, कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।