अटल प्रतिमा का अनावरण, 1.67 करोड़ की सौगात और गौरवपथ में भ्रष्टाचार की गूंज…सरायपाली पहुंचे उपमुख्यमंत्री साव, विधायक नंद ने रखीं क्षेत्रीय मांगें, पत्रकारों की उपेक्षा बनी चर्चा का विषय।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा जब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव का पहली बार नगर आगमन हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत घंटेश्वरी मंदिर के समक्ष भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा के अनावरण से हुई।

इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए 1.67 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

इस मौके पर स्थानीय विधायक चातुरी नंद ने मंच से क्षेत्रीय विकास के लिए अनेक मांगें रखते हुए कहा कि सरायपाली नगर में अंतराज्यीय सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड, निशुल्क सार्वजनिक पुस्तकालय और साराडीह जलाशय से पेयजल पाइपलाइन विस्तार जैसे स्थायी समाधान जरूरी हैं। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत गौरवपथ निर्माण में हो रहे भ्रष्टाचार की भी शिकायत की और मंत्री से इस पर संज्ञान लेने की अपील की।

उपमुख्यमंत्री साव ने अपने संबोधन में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आज छत्तीसगढ़ के गौरव का जो स्वरूप है, उसका श्रेय उन्हीं को जाता है। उन्होंने विधायक की मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए पेयजल परियोजना के शीघ्र आरंभ और अतिरिक्त 2 करोड़ रुपये की नई विकास योजनाओं की घोषणा की। हालांकि गौरवपथ में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर वे मौन रहे।

कार्यक्रम के दौरान उस वक्त असहज स्थिति बन गई जब आमंत्रित पत्रकारों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, जिससे पत्रकारों ने नाराजगी जताई। इस दौरान पत्रकारों और पुलिस अधिकारी एसडीओपी के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

पत्रकारों द्वारा कार्यक्रम बहिष्कार की चेतावनी के बाद भाजपा नेताओं द्वारा मान-मनौव्वल कर पत्रकारों को पुनः सम्मानपूर्वक मंचस्थल पर बैठाया गया।

इस पूरे घटनाक्रम पर उपमुख्यमंत्री ने भी गंभीरता दिखाई और पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का सम्मान करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है और उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

कुल मिलाकर, डिप्टी सीएम अरुण साव के दौरे से नगर के विकास कार्यों में नई गति आने की उम्मीद की जा रही है, साथ ही क्षेत्रीय मुद्दों पर भी अब सरकार की गंभीरता दिखने लगी है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!