विकास नंद/ सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ में वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतन भोगी वनकर्मियों को अब भी डबल इंजन सरकार द्वारा चुनाव पूर्व किए गए वादों के पूरे होने का इंतजार है।
इन्हीं मांगों को लेकर राज्यभर के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों द्वारा मंत्रियों से लगातार संपर्क कर उन्हें स्मरण कराया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज सरायपाली प्रवास पर आए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव को दैनिक वेतनभोगी वन कर्मचारी संघ शाखा सरायपाली द्वारा एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने कार्यभारित पद पर नियुक्ति एवं आकस्मिकता निधि सेवा नियम लागू करने की मांग को पुनः दोहराया।
संघ के सदस्यों ने बताया कि चुनाव के दौरान सरकार ने उन्हें नियमितीकरण और सेवा शर्तों में सुधार का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
ज्ञापन सौंपते समय कर्मचारियों ने उपमुख्यमंत्री से आग्रह किया कि उनकी वर्षों की सेवा और समर्पण को ध्यान में रखते हुए जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
वन विभाग के दैनिक वेतनभोगियों ने आशा जताई कि सरकार अपने वादों को निभाते हुए उनके हित में शीघ्र निर्णय लेगी।