विकास नंद/सर्वव्यापी/
बागबाहरा नगर पालिका परिषद क्षेत्र को आज विकास की नई सौगात मिली जब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कुल 141.97 लाख रुपए की लागत से निर्मित विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में 3 कार्यों का लोकार्पण एवं 1 कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ।
लोकार्पण कार्यों में प्रमुख रूप से:अटल परिसर निर्माण एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना (लागत ₹28.16 लाख),वार्ड 12 में ग्राम तेंदुलोथा से चंडी मंदिर तक विद्युत विस्तारीकरण (₹59.30 लाख),वार्ड 9 में पुष्प वाटिका निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य (₹10.54 लाख) शामिल हैं।वहीं, वार्ड 3 में 43.88 लाख रुपए की लागत से आरसीसी ओवरहेड वॉटर टैंक निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों में सांसद रूपकुमारी चौधरी, छग बीज निगम अध्यक्ष चन्द्रहास चंद्राकर, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, जिला स्काउट गाइड संघ अध्यक्ष येतराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल, उपाध्यक्ष देवेश साहू, अलका चंद्राकर, पार्षदगण व बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस मौके पर कहा, “राज्य सरकार निरंतर नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है।
इन कार्यों से बागबाहरा की अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। यह दिन बागबाहरा के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि आज लगभग ₹2 करोड़ के कार्यों का शुभारंभ हुआ है।”उन्होंने आगे कहा कि अटल जी के नाम पर बने इस परिसर का लोकार्पण एक भावपूर्ण क्षण है, क्योंकि छत्तीसगढ़ को राज्य का दर्जा दिलाने में अटल जी की भूमिका ऐतिहासिक रही है।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भी बागबाहरा नगर के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “हमारी सरकार आने के बाद विकास कार्यों की गति तेज हुई है। यह अटल जी की दूरदृष्टि और विकासवादी सोच का ही परिणाम है कि बागबाहरा को यह सौगात मिली है।”कार्यक्रम का माहौल उत्साहजनक और जनसहभागिता से भरपूर रहा।