विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में आम जनता की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए 44 नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए।कलेक्टर लंगेह ने प्रत्येक आवेदक की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, रविराज ठाकुर, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।जन चौपाल में ग्राम पंचायत बिजरापाली तहसील पिथौरा निवासी तुलसीराम ने शासकीय एवं आबादी भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मांग की। ग्राम खट्टी (महासमुंद) के ग्रामीणों ने वन क्षेत्र के संरक्षण की गुहार लगाई। घोड़ारी निवासी भूपेन्द्र चौधरी ने बंदोबस्त नक्शा सुधार की मांग की। वहीं, जलपुर (सरायपाली) निवासी पद्मिनी मानिकपुरी ने गरीबी रेखा राशन कार्ड की पात्रता के लिए आवेदन किया और ग्राम मानपुर (पटेवा) निवासी चुन्नीलाल ने नोनी सुरक्षा योजना के बीमा प्रमाण पत्र में त्रुटि सुधार की मांग रखी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर समयावधि में निराकरण करें।