छत्तीसगढ़ में क्रिकेट को मिलेगी नई उड़ान: नवा रायपुर में स्थापित होगी अत्याधुनिक क्रिकेट एकेडमी।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य के क्रिकेट प्रेमियों और उभरते खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-3, ग्राम परसदा में 7.96 एकड़ भूमि अत्याधुनिक क्रिकेट एकेडमी की स्थापना हेतु आवंटित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह निर्णय मुख्यमंत्री साय की विशेष पहल पर नियमों में शिथिलता बरतते हुए लिया गया है। सामान्यतः गैर-लाभकारी संस्थाओं को सीधे भूमि आवंटन की अनुमति नहीं होती, लेकिन खिलाड़ियों के हित में राज्य शासन ने अपवाद स्वरूप यह कदम उठाया है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को वर्ष 2016 में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से पूर्णकालिक मान्यता प्राप्त हुई थी। एकेडमी की स्थापना के लिए नगर विकास प्राधिकरण द्वारा चिन्हित 7.96 एकड़ भूमि अब संघ को प्रदान की जाएगी।

प्रदेश में क्रिकेट को लेकर युवाओं में गहरी रुचि है और कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। नवा रायपुर में स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के बावजूद, प्रशिक्षण की अत्याधुनिक सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी।

इस नई एकेडमी की स्थापना से प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को न केवल उत्कृष्ट प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकने का अवसर भी मिलेगा।

राज्य सरकार का यह निर्णय न केवल खेल जगत में छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाएगा, बल्कि युवाओं को खेल के माध्यम से अनुशासन, समर्पण और सफलता की ओर प्रेरित करेगा।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!