विकास नंद/सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित 17, छत्तीसगढ़ सदन में राज्य के सांसदों से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर आयोजित रात्रि भोज में राज्य और राष्ट्र के समसामयिक मुद्दों पर गहन और सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने सभी सांसदों को छत्तीसगढ़ के समग्र विकास में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति एवं सहयोग से राज्य की प्राथमिकताएं और ज़मीनी ज़रूरतें राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर तरीके से पहुंच पाती हैं।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे परिवर्तन और केंद्र सरकार की योजनाओं के राज्य में क्रियान्वयन पर भी संवाद हुआ।
सांसदों ने केंद्र की योजनाओं की प्रगति को लेकर अपना फीडबैक साझा किया और जमीनी अनुभवों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति, निवेश आकर्षण की दिशा में उठाए गए कदमों, युवाओं को मिल रहे नए अवसरों, किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हो रहे परिवर्तनकारी विकास कार्यों की जानकारी भी विस्तार से दी।
यह सौहार्द्रपूर्ण मुलाकात राज्य के विकास और दिल्ली में प्रभावी जनसंपर्क की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।