विकास नंद/सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के तहत महासमुंद जिले के 156 पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत कुल 24 लाख 76 हजार रुपए की सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रदान की गई।
श्रम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 28 हितग्राहियों को 5 लाख 60 हजार रुपए, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत 36 श्रमिकों के बच्चों को 63 हजार रुपए, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना में 1 हितग्राही को 2 लाख रुपए, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत 11 हितग्राहियों को 11 लाख रुपए, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना में 23 हितग्राहियों को 4 लाख 60 हजार रुपए तथा निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना के तहत 57 बच्चों को 93 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई।श्रम पदाधिकारी ने बताया कि श्रम विभाग की समस्त योजनाएं निःशुल्क हैं और यदि कोई व्यक्ति इन योजनाओं के लाभ के बदले में पैसे की मांग करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए संबंधित व्यक्ति निकटतम थाना, तहसील कार्यालय, जनपद पंचायत, एसडीएम कार्यालय, श्रम पदाधिकारी कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय या कलेक्टर कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।