तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली के तीन दिवसीय दौरे के बाद आज सुबह रायपुर लौट आए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। दौरा बेहद व्यस्त और रणनीतिक रहा, जिसमें राज्य के विकास, संगठनात्मक मुद्दों और मंत्रिमंडल विस्तार जैसे अहम विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ सदन में राज्य के सांसदों के साथ भोज आयोजित कर संवाद साधा। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के निवास पर आयोजित भोज में भी वे शामिल हुए। संसद भवन पहुंचकर पुराने साथियों से मुलाकात करने वाले साय ने ‘अंजोर @2047’ विजन के तहत छत्तीसगढ़ के विकास की रूपरेखा साझा की।सीएम साय ने मीडिया से चर्चा में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कहा, “थोड़ा इंतजार करें, जल्द ही विस्तार होगा।” यह बयान राज्य में दो रिक्त मंत्री पदों को भरने की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बार विस्तार प्रधानमंत्री की मौजूदगी में हो सकता है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन की दिशा में मिली सफलता के अलावा ‘बस्तर ओलंपिक’ को ‘खेलो इंडिया ट्राइब गेम्स’ के रूप में विकसित करने की योजना पर भी बात हुई है। इससे क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।दिल्ली दौरे में राज्य के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले छह महीने लंबे आयोजनों और राज्योत्सव की रूपरेखा को लेकर भी चर्चा की गई। गौरतलब है कि सीएम साय ने दिसंबर 2023 में पदभार ग्रहण किया था। बृजमोहन अग्रवाल के सांसद चुने जाने के बाद मंत्रिपरिषद में दो पद रिक्त हैं। इन पदों पर नियुक्ति को लेकर लंबे समय से अटकलें चल रही हैं।