विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिला प्रशासन एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को स्वर्ण होटल में रैम्प योजना (RAMP Scheme) के अंतर्गत उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को बैंकिंग और वित्तीय सहायता से सीधे जोड़ना था।कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त संचालक, उद्योग संचालनालय शिव कुमार राठौर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने औद्योगिक विकास नीति 2024-30 की प्रमुख विशेषताएं साझा करते हुए उपस्थित उद्यमियों की शंकाओं का समाधान किया और उन्हें विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया।इस अवसर पर जिले के दर्जनों उद्यमियों के साथ-साथ पीएमएफएमई एवं पीएमईजीपी योजना के लाभार्थियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रमुख बैंक प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठनों के सदस्य और स्थानीय उद्यमी मौजूद रहे।भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित कई प्रमुख बैंकों के अधिकारियों ने उद्यमियों को मुद्रा योजना, एमएसएमई योजना, ऋण सुविधाएं एवं अन्य वित्तीय विकल्पों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उद्यमियों को बैंक अधिकारियों से प्रत्यक्ष संवाद करने और अपने व्यापार संबंधी समस्याओं व आवश्यकताओं को साझा करने का अवसर मिला, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया।कार्यक्रम के समापन पर महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, मोहन लाल साहू ने सभी प्रतिभागियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के संवादात्मक आयोजन एमएसएमई सेक्टर को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक पहल हैं।