विकास नंद /सर्वव्यापी/
प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज महिला मंडल द्वारा गुरुघासीदास कॉलोनी, न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर में “सावन उत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। इस उत्सव में सतनामी समाज की अनेक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामाजिक एकता व जागरूकता का परिचय दिया।कार्यक्रम की शुरुआत समाज के आराध्य परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी की पूजा-अर्चना से की गई। इसके पश्चात समाज की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई। महिला मंडल ने जानकारी दी कि निर्धन वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क छात्रावास व कोचिंग व्यवस्था की जा रही है, साथ ही राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन के माध्यम से विवाह योग्य युवक-युवतियों के विवाह भी सामूहिक रूप से कराए जा रहे हैं।सावन उत्सव में महिलाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विजेता प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। महिला मंडल ने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में यह उत्सव और भी वृहद एवं आकर्षक रूप में मनाया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान महिला मंडल ने समाज के हालिया निर्वाचन उपरांत 27 जुलाई को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा शपथ ग्रहण में उपस्थिति व समाज के लिए 1 करोड़ रुपये की सामाजिक भवन निर्माण हेतु घोषणा पर आभार व्यक्त किया।यह आयोजन सतनामी समाज की महिलाओं के सांस्कृतिक, सामाजिक, राजनैतिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में सक्रिय सहभागिता का प्रमाण बना।