विकास नंद/ सर्वव्यापी/
ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु सशक्त करने की दिशा में बागबाहरा विकासखंड में एक प्रभावशाली पहल की गई है।
शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में संचालित सुपर 40 संस्था द्वारा नवोदय एवं प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की पूर्व तैयारी के लिए प्रवेश परीक्षा का सफल आयोजन किया गया।
इसमें बागबाहरा सहित अन्य विकासखंडों से कुल 850 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया — जिनमें 450 विद्यार्थियों ने प्रयास एवं 400 विद्यार्थियों ने नवोदय के लिए परीक्षा दी।परीक्षा के आधार पर 40-40 विद्यार्थियों का चयन सत्र 2025-26 हेतु किया जाएगा जिन्हें ग्रीष्मकालीन अवकाश में निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी।
शिक्षण सत्र 15 अगस्त के बाद आरंभ होगा। पिछले वर्ष इस संस्था से चयनित 40 विद्यार्थियों में से 2 नवोदय और 38 प्रयास में प्रवेश पाने में सफल रहे थे, जिससे संस्था की साख और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।साथ ही पीएम सेजेस विद्यालय बागबाहरा में कक्षा 5वीं एवं 8वीं में प्रवेश हेतु विशेष टेस्ट का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों से विद्यार्थियों ने भाग लिया।अनुविभागीय अधिकारी उमेश कुमार साहू ने सुपर 40 संस्था की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा एवं प्रतियोगी वातावरण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को पढ़ाई हेतु सहयोग देने और मोबाइल जैसे व्यर्थ साधनों से दूर रखने की अपील की।सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती रामता डे ने बताया कि यह संस्था समर्पित शिक्षकों द्वारा निःशुल्क संचालित की जा रही है। आयोजन में जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे, जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, सहायक संचालक सतीश नायर व नंदकिशोर सिन्हा, बीईओ के.के. वर्मा, एसएमडीसी अध्यक्ष संजय मालवे आदि अधिकारीगण भी उपस्थित रहे और संस्था के कार्यों की सराहना की।संयोजक हीरासिंग नायक ने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और मार्गदर्शन के महत्व को बताया और सभी को नियमित अध्ययन हेतु प्रेरित किया।परीक्षा आयोजन में कई शिक्षकों ने सक्रिय सहयोग दिया, जिनमें प्रकाश बघेल, मोहिंदर पांडे, गजानंद दीवान, अनिल चक्रधारी, रश्मि शर्मा, धीरज तिवारी, राजेंद्र साहू, दौलत दीवान आदि प्रमुख रहे। समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं और सफल भविष्य की कामना की गई।यह आयोजन ग्रामीण शिक्षा में गुणात्मक परिवर्तन की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम सिद्ध हो रहा है।