विकास नंद/ सर्वव्यापी/
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार द्वारा 37 आवश्यक औषधियों की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक की कमी किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।उन्होंने इस निर्णय को प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी और जनकल्याणकारी नेतृत्व की सशक्त अभिव्यक्ति बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय हृदय रोग, मधुमेह, संक्रमण, बुखार और दर्द जैसी आम लेकिन गंभीर बीमारियों से जूझ रहे नागरिकों को बड़ी राहत देगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अब पैरासिटामोल, एटोरवास्टेटिन, एमोक्सिसिलिन जैसी आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं अधिक सुलभ और सस्ती होंगी। उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ जैसे आदिवासी और ग्रामीण बहुल राज्य में इस कदम को गरीबों, श्रमिकों, किसानों, महिलाओं और वृद्धजनों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के केंद्रों के विस्तार, आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्राथमिक से लेकर उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय केवल औषधियों की कीमतों को कम करने का नहीं, बल्कि आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक ठोस और मानवीय पहल है।