उप मुख्यमंत्री अरुण साव विकास कार्यों के लिए नगरपालिका परिषद गौरेला एवं पेण्ड्रा को 3-3 करोड़ और नगर पंचायत मरवाही को 2 करोड़ रूपए देने की घोषणा।

Share Now

नूर मोहम्मद/ गौरेला पेंड्रा मरवाही/ (सर्वव्यापी)

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण, विधि एवं विधायी कार्य व लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने आज नगरपालिका परिषद गौरेला और पेण्ड्रा में 4 करोड़ 9 लाख 50 हजार रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमि पूजन किया। इनमें नगरीय निकाय क्षेत्र गौरेला में 1 करोड़ 72 लाख 86 हजार और पेण्ड्रा में 2 करोड़ 36 लाख 64 हजार रूपए की लागत के विभिन्न कार्य शामिल है। उन्होंने नगरपालिका परिषद कार्यालय बस स्टैंड गौरेला और एसेम्बली हॉल मल्टीपरपज स्कूल पेण्ड्रा में आयोजित लोकार्पण-भूमि पूजन कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं गरिमामय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के एक-एक वायदे को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि मुझे जब से नगरीय प्रशासन विकास विभाग का दायित्व मिला है तब से नगरीय निकायों का विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है। मेरे ही कार्यकाल में गौरेला एवं पेण्ड्रा को नगरपालिका परिषद और मरवाही को नगर पंचायत बनाया गया। स्वच्छता में बड़ी उपलब्धि मिली है, प्रदेश के 6 निकायों को राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत किया गया हैं। स्वच्छता की दिशा में प्रदेश के 169 निकायों में से 115 का रेकिंग भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नगरों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधापूर्ण बनाने के लिए शहर विकास योजना बनाकर कार्य कर रहे हैं। इसके तहत बिना किसी भेदभाव के सभी निकायों को राशि प्रदान किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री साव ने मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपची, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव एवं तीनों नगरीय निकायों मरवाही, पेण्ड्रा एवं गौरेला के अध्यक्षों की मांग पर विभिन्न विकास कार्यों के लिए नगरपालिका परिषद गौरेला एवं पेण्ड्रा को 3-3 करोड़ और नगर पंचायत मरवाही को 2 करोड़ रूपए देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि गौरेला में स्टेडियम और स्वीमिंग पूल के लिए प्रस्ताव खेल विभाग को भेजा गया है। नगरीय निकाय पेण्ड्रा में आज हुए लोकार्पण कार्यों के अलावा नालंदा परिसर के लिए 4 करोड़ 41 लाख रूपए की स्वीकृति दी गई है, जिसके लिए निविदा भी आमंत्रित किया जा चुका है। इसके निर्माण से जिले के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परिक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण ज्ञानार्जन मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की दौड़ में निरंतर आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार एक-एक व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन लाने का कार्य कर रही है। हमने जो कहा वो किया। विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री बनते ही प्रदेश के 18 लाख परिवारों को आवास स्वीकृत किया। अब तक 14 लाख परिवारों को आवास की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। सभी जरूरतमंदों को आवास मिलेगा, सर्वे हो गया है, परीक्षण हो रहा है, शहरों के विकास के लिए भी लगातार राशि दी जा रही है, बरसात के बाद चारों तरफ सड़कों की जाल देखने को मिलेगा। उन्होंने 3100 रूपए क्विंटल में किसानों से धान खरीदी, बकाया बोनस देने, महतारी वंदन की 18 किश्त जारी करने सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी। दोनों निकायों के पदाधिकारियों द्वारा गजमाला पहनाकर उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री साव ने आवास पूर्ण कर चुके हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किया।

मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपची और कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने भी सभा को संबोधित कर सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने लोकार्पण एवं विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। नगरपालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे, नगरपालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान एवं नगर पंचायत मरवाही के अध्यक्ष मधु बाबा गुप्ता ने भी सभा को संबोधित किया और अपने-अपने निकायों में अधोसंरचना, मूलभूत कार्यों, सौंदर्यीकरण सहित विकास कार्यों के लिए मांग पत्र से अवगत कराया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा एवं उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, नगरीय निकाय गौरेला के उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा पार्षद रियाज अहमद कुरैशी, अविनाश टूडु, मनोज विश्कर्मा एवं पेण्ड्रा के उपाध्यक्ष श्री शरद गुप्ता, पुलिस अधीक्षक एस आर भगत, वनमण्डलाधिकारी ग्रीष्मी चांद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं नगरवासी उपस्थित थे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!