स्वतंत्रता दिवस व रजत जयंती की तैयारियों की समीक्षा, कलेक्टर ने खाद वितरण में तेजी लाने अवैध भंडारण पर कार्रवाई के दिए सख्त निर्देश।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर स्वतंत्रता दिवस एवं रजत जयंती समारोह की तैयारियों सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा एवं रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

कलेक्टर ने तिरंगा यात्रा की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गर्व और सम्मान की भावना के साथ समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यात्रा मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाने, स्वयंसेवी संगठनों, स्वयं सहायता समूहों व आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मिनी स्टेडियम में 13 अगस्त को सुबह 8 बजे अंतिम रिहर्सल आयोजित होगी। जिले के सभी 129 अमृत सरोवरों में पौधारोपण व झंडा वंदन करने के भी निर्देश दिए गए।कृषि विभाग को एग्रीस्टेक एप में किसान पंजीयन की रफ्तार बढ़ाने, खाद वितरण में तेजी लाने और अवैध भंडारण पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अब तक 83 हजार टन में से 68 हजार टन खाद का वितरण हो चुका है।

आवारा पशुओं की रोकथाम पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने जुर्माना वसूली, पंचायत स्तर पर पशु रखने की व्यवस्था, रेडियम बेल्ट व टेगिंग लगाने और निजी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। अब तक 49,150 रुपए की पेनाल्टी वसूली गई है और 1,923 पशुओं को विस्थापित किया गया है।

बैठक में पीएम जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन आवास 31 अगस्त तक पूर्ण करने, 15 वर्ष से अधिक पुराने शासकीय वाहनों की नीलामी, पेंशन प्रकरणों का समय-सीमा में निपटारा, अटल मॉनिटरिंग पोर्टल व ई-ऑफिस के अनिवार्य उपयोग, जनशिकायत निवारण और लोक सेवा गारंटी अधिनियम की प्रगति की भी समीक्षा की गई।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!