विकास नंद/ सर्वव्यापी/
भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO), भारत सरकार के आमंत्रण पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान और दक्षिण कोरिया के आधिकारिक दौरे पर रवाना हुआ।
यह दौरा राज्य के ग्लोबल आउटरीच मिशन की शुरुआत मानी जा रही है, जिसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करना है।
प्रतिनिधिमंडल 22 से 24 अगस्त तक टोक्यो में जापानी उद्योगपतियों, व्यापार संघों और निवेशकों के साथ इन्वेस्टर कनेक्ट सेशंस एवं व्यावसायिक बैठकों में भाग लेगा।
इसके बाद 25–26 अगस्त को मुख्यमंत्री साय ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 में शामिल होंगे, जहाँ छत्तीसगढ़ पवेलियन के माध्यम से राज्य की औद्योगिक प्रगति, नवाचार और निवेश अवसरों का प्रदर्शन किया जाएगा। दौरे का अंतिम चरण 27–29 अगस्त को सियोल (दक्षिण कोरिया) में होगा, जहाँ निवेशक गोलमेज बैठकें, व्यापार संघों और शीर्ष कंपनियों से मुलाकात तथा सेक्टर-विशेष संवाद आयोजित किए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ पवेलियन बनेगा आकर्षण का केंद्रओसाका एक्सपो में भारत मंडपम अंतर्गत स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन में राज्य की समृद्ध विरासत, औद्योगिक विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और सतत विकास जैसे क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा।
यह पवेलियन वैश्विक दर्शकों के सामने छत्तीसगढ़ की नई पहचान और भविष्य की आकांक्षाओं को उजागर करेगा।निवेश और विकास को नई दिशा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जापान और कोरिया के उद्योगपतियों तथा वैश्विक निवेशकों से सीधे संवाद करेंगे। उनका उद्देश्य दीर्घकालिक साझेदारियाँ स्थापित करना, नए व्यापारिक चैनल खोलना और प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है।
इस यात्रा के माध्यम से इस्पात, खनन, स्वच्छ ऊर्जा और स्टार्टअप्स जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने की संभावनाएँ मजबूत होंगी।
यह मिशन छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेशकों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनाने और राज्य के आर्थिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।