विकास नंद/ सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर 22 अगस्त को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशभर के अधिकारी-कर्मचारी कलम बंद आंदोलन पर रहेंगे।
फेडरेशन के प्रवक्ता चंद्रशेखर तिवारी एवं कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने बताया कि आंदोलन के तहत पटेल चौक रायपुर सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों एवं विभिन्न कार्यालयों में कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
फेडरेशन की प्रमुख मांगों में प्रदेश के शासकीय सेवकों को महंगाई भत्ता केंद्र के समान देने, वर्ष 2019 से लंबित महंगाई भत्ते का एरियर भुगतान करने, जीपीएफ खातों में सामंजस्य स्थापित करने, कर्मचारियों की पदोन्नति एवं वेतन विसंगतियों का निराकरण करने, संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण करने, पुरानी पेंशन बहाल करने जैसी मांगें शामिल हैं।
इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है।
संगठन ने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश के कर्मचारी-अधिकारियों के हित में महत्वपूर्ण एवं सार्थक कदम है। सभी कर्मचारियों से आंदोलन को सफल बनाने की अपील की गई है।