विकास नंद/ सर्वव्यापी/
रजत जयंती वर्ष के अवसर पर महासमुंद के संजय नगर सेक्टर-02 स्थित दलदली रोड आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-01 में सोमवार को छत्तीसगढ़ का पारंपरिक त्योहार तीजा पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी कर पारंपरिक खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों से कार्यक्रम को उत्सवमय बना दिया।महिलाओं ने फुगड़ी, कुर्सी दौड़, बिंदी लगाओ प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और विजेताओं को सम्मानित किया गया। स्टॉलों में छत्तीसगढ़ी कलेवा ने सबका मन मोह लिया।कार्यक्रम में पहुंची माताओं-बहनों का स्वागत परियोजना अधिकारी और पर्यवेक्षकों ने किया तथा उन्हें उपहारस्वरूप साड़ी, श्रृंगार सामग्री और छत्तीसगढ़ी कलेवा भेंट किया। साथ ही नीति फाउंडेशन की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता सत्र भी रखा गया।मुख्य अतिथि नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी ने तीजा को नारी शक्ति का पर्व बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में यह उत्सव नारी सम्मान, दृढ़ निश्चय और परिवार की समृद्धि का प्रतीक है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में महिलाओं को रोजगार और कार्यस्थल उपलब्ध कराने 9 महतारी सदन की सौगात दी गई है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों को हर माह एक हजार रुपये की राशि मिल रही है।
इस मौके पर पार्षद पीयूष साहू, सीता डोंडेकर, चंद्रशेखर बेलदार, जितेंद्र ध्रुव, परियोजना अधिकारी शैल नाविक, सुपरवाइजर शीला प्रधान, कुंती यादव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और समुदाय की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।कार्यक्रम की शुरुआत नंदी पूजा-अर्चना से हुई। महिलाओं की सहभागिता से पूरा माहौल उत्सवमय बन गया।
उपस्थित महिला दीदीयों ने कहा कि तीजा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि खुशी, एकजुटता और आत्मीयता का प्रतीक है, जो समाज में धार्मिक, सामाजिक और प्राकृतिक सामंजस्य का संदेश देता है।