विकास नंद /सर्वव्यापी/
नीति आयोग, भारत सरकार के तत्वावधान में राजधानी रायपुर में शिक्षा के क्षेत्र पर केन्द्रित एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है।
यह सम्मेलन शुक्रवार 29 अगस्त को प्रातः 9 बजे से होटल कोर्टयार्ड बाय मेरियट में होगा।
सम्मेलन का विषय “फोस्टेरिंग मेंटरशिप इन एजुकेशन : ए पाथवे टू इक्विटी” निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों के शिक्षा सचिवों सहित लगभग 120 वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
सम्मेलन में शिक्षा के क्षेत्र में समानता और अवसरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मेंटॉरशिप की भूमिका पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य शिक्षा क्षेत्र में नवाचार, मार्गदर्शन और नीतिगत सहयोग के माध्यम से एक समान अवसर युक्त वातावरण तैयार करना है, ताकि सभी वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंच सके।
सम्मेलन से यह उम्मीद जताई जा रही है कि देशभर के नीति-निर्माताओं और अधिकारियों के अनुभव साझा करने से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए ठोस सुझाव और कार्ययोजना सामने आएगी।