विकास नंद/ सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी शाखा द्वारा जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में कलेक्टर दीपक सोनी ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। रक्तदान उपरांत उन्हें इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।कलेक्टर सोनी ने कहा कि रक्तदान एक महान और जीवनदायी कार्य है, जो जरूरतमंदों को नया जीवन देता है। उन्होंने इसे “महादान” बताते हुए समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि रक्तदान सुरक्षित और सरल प्रक्रिया है और यह समाज में करुणा और सेवा की भावना को प्रबल बनाता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि शिविर से कुल 16 यूनिट रक्त संकलित हुआ। उन्होंने जानकारी दी कि 18 से 65 वर्ष आयु का व्यक्ति, जिसका वजन न्यूनतम 45 किलोग्राम और हीमोग्लोबिन 12.5 से अधिक है, वह रक्तदान कर सकता है।
एक बार में 350 मिलीलीटर रक्त ही लिया जाता है और व्यक्ति वर्ष में चार बार सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है। रक्तदान से किसी भी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है।
इस अवसर पर सीएमएचओ, सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।