विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद खल्लारी विधानसभा के जनहितैषी कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा ने प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) योजना की लागत मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि 2016 से शुरू हुई इस योजना की लागत आज भी केंद्र सरकार 1 लाख 20 हजार रुपये मान रही है, जबकि शहरी आवास की कीमत बढ़ाकर 2 लाख 28 हजार रुपये कर दी गई है।अंकित ने कहा कि महंगाई बढ़ने के कारण 270 वर्ग फुट का मकान ग्रामीण क्षेत्रों में बनाना बेहद कठिन हो गया है। सामग्री शहरों से लानी पड़ती है, जिससे लागत और बढ़ जाती है। वहीं, बिजली दरों में बढ़ोतरी ने गरीब परिवारों की परेशानी और बढ़ा दी है।उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की है कि प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) की लागत बढ़ाकर ₹3 लाख 25 हजार की जाए और इसमें 1 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र भी शामिल किया जाए। वर्तमान में केंद्र व राज्य सरकार मिलकर लगभग ₹45 हजार की सब्सिडी सौर उपकरणों पर देते हैं। यदि यह योजना में शामिल हो जाती है, तो ग्रामीणों की कई समस्याएं कम होंगी।
यह पत्र लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी सौंपा जाएगा। ज्ञापन बागबाहरा एसडीएम कार्यालय में तहसीलदार नंदिनी वर्मा को सौंपा गया।
इस दौरान सरपंच गौरी मुकेश ठाकुर, कोमल बाई, सरपंच प्रतिनिधि हीरादास टंडन, उपसरपंच केवल यादव, पूर्व उपसरपंच देवानंद साहू, गोपाल साहू, गणेश देवांगन, राजू नेताम, हरिश्चंद साहू, सत्यजीत साहू, लोकेश ध्रुव, धनेश लहरें, राहुल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।